पुलवामा मुठभेड़में एक जवान शहीद, दो आतंकी ढेर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतकियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया तो वहीं एक जवान को शहीद होना पड़ा. मंगलवार को एक बार फिर सुरक्षाबलों और आतंकियों का आमना-सामना हो गया. इस बार पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों की बीच मुठभेड़ हो गई. जिसमें दो आतंकी मारे गए हैं. हालांकि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का भी एक जवान शहीद हो गया है. जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह पुलवामा जिले के बंदजू इलाके में आतंकियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन में भारतीय जवानों ने दो आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया. इस दौरान सीआरपीएफ का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. जवान को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उन्हें नहीं बचाया जा सका और वह देश की सेवा करते हुए शहीद हो गए. मारे गए आतंकियों के पास से दो एके-47 भी बरामद हुई है. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जानकारी दी है कि सुरक्षाबल अभी भी इस इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहा हैं.बता दें कि इससे पहले सोमवार को भी आतंकियों ने पुलवामा जिले के त्राल में सीआरपीएफ के कैंप के पास एक ग्रेनेड से हमला किया था. इस दौरान आतंकियों ने कैंप पर जमकर गोलीबारी भी की. उसके बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया. बता दें कि पिछले एक महीने से जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षाबल आए दिन आतंकियों को मौत के घाट उतार रहे हैं. पिछले करीब 25 दिनों में भारतीय जवानों ने 30 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया है. जिसके चलते आतंकवादी बौखला गए हैं और सुरक्षाबलों को लगातार निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं.