राष्ट्रपति ने घर जाकर लालकृष्ण आडवाणी को दिया देश का सबसे बड़ा सम्मान
देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री और दिग्गज बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी को आज 'भारत रत्न' सम्मान से सम्मानित किया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आडवाणी के घर जाकर उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया और इस दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई लोग मौजूद रहे. तबियत ठीक नहीं होने की वजह से आडवाणी शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित किए गए अलंकरण समारोह में शामिल नहीं हो सके थे. राष्ट्रपति ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में 4 शख्सियतों को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया था. इनमें पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर और कृषि वैज्ञानिक डॉ. एमएस स्वामीनाथन शामिल हैं. चारों शख्सियतों के परिजनों ने राष्ट्रपति भवन में यह सम्मान हासिल किया. चारों शख्सियतों के परिजनों ने राष्ट्रपति भवन में यह सम्मान हासिल किया. नरसिम्हा राव के बेटे पीवी प्रभाकर राव, चौधरी चरण सिंह के पोते जयंत चौधरी, कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर और एमएस स्वामीनाथन की बेटी नित्या राव ने हासिल किया. भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है. यह सम्मान राष्ट्रीय सेवा जैसे कला, साहित्य, विज्ञान, सार्वजनिक सेवा और खेल के लिए दिया जाता है. अपने क्षेत्र में अहम कार्य और योगदान से देश का गौरव बढ़ाने वाले लोगों को भारत रत्न से सम्मानित किया जाता है.