Breaking News

लॉकडाउन के मुद्दे पर आज फिर घोषणा कर सकते हैं पीएम मोदी

13 Apr, 2020 913

संवाददाता/in24 न्यूज़.
पूरे देश में लॉकडाउन जारी है. कई राज्यों ने इसे दो सप्ताह के लिए बढ़ा दिया है. ऐसे में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशव्यापी लॉकडाउन के दूसरे चरण की घोषणा कर सकते हैं. कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए पीएम मोदी ने देशभर में 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी. जिसकी अवधि कल यानी मंगलवार 14 अप्रैल को समाप्त हो रही है. हालांकि, इससे पहले ओड़िशा, पंजाब, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने प्रदेश में लॉकडाउन को आगे बढ़ा दिया है. इन चारों राज्यों में 30 अप्रैल तक लॉकडाउन रहेगा. दरअसल, भारत में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में देश में किसी तरह की भारी आपदा जैसे हालात पैदा न हो जाए इसे देखते हुए देशभर में लॉकडाउन जरूरी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियोंं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग की थी. जिसमें लॉकडाउन को बढ़ाने संबंधी सुझाव मांगे गए थे. बैठक के दौरान ज्यादातर मुख्यमंत्रियों ने लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की बात कही थी. अब प्रधानमंत्री आज लॉकडाउन के दूसरे चरण का ऐलान कर सकते हैं. लॉकडाउन और कोरोना की वजह से देश की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान हो रहा है. ऐसे में माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अर्थव्यवस्था की इन्हीं चुनौतियों को देखते हुए लॉकडाउन को लेकर अहम घोषणाएं कर सकते हैं. इसमें उद्योगों व सड़क परियोजनाओं समेत कोरोना मुक्त जिलों को शर्तों के साथ राहत दी जा सकती है. कई मंत्रियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय को आंशिक तौर पर औद्योगिक संचालन व सड़क परियोजनाओं का निर्माण शुरू करने का सुझाव दिया है. हालांकि, उन्हें स्वास्थ्य मंत्रालय के नियमों व दिशानिर्देशों का सख्त पालन करना होगा. लॉकडाउन के पहले चरण में देश को संक्रमण की रफ्तार थामने में कामयाबी मिली है.

अन्य खबरे