Russia-Ukraine War : 10 नागरिकों सहित 40 यूक्रेनी सैनिकों की मौत, यूक्रेन सरकार का दावा
24 Feb, 2022
493
संवाददाता/ in24 न्यूज़
तमाम संभावनाओं को दरकिनार करते हुए यूक्रेन और रूस के बीच आखिरकार जंग शुरू हो गई। यूक्रेन के शहरों पर रूस मिसाइल और गोले बरसा रहा है. न्यूज एजेंसी AFP के हवाले से जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक़ यूक्रेन के राष्ट्रपति दफ्तर से एक खबर जारी एकी गयी है, जिसमें कहा गया है कि रूसी हमले में अब तक 40 यूक्रेनी सैनिकों की मौत हुई है। साथ ही 10 नागरिक भी इस हमले में मारे गए हैं। तो वहीं, राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच ने कहा कि रूसी हमले में कई लोग घायल हुए हैं। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि क्या हताहतों में आम नागरिक भी शामिल हैं?
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि, यूक्रेन के लोगों का भविष्य हर यूक्रेनी पर निर्भर करता है। हम देश की रक्षा के इच्छुक सभी लोगों को हथियार सौंपेंगे। राष्ट्रपति ने कहा, ''' हमने उन सभी लोगों से आगे आने का आग्रह किया है जो यूक्रेन की रक्षा कर सकते हैं।
रूस द्वारा किये जा रहे हमले को लेकर यूक्रेन ने कहा कि, हमारी ओर से भी जवाबी कार्रवाई की जा रही है। रूस तीन ओर से हमला कर रहा है, हालांकि हमने भी अभी तक 50 रूसी सैनिकों को मार गिराया है और उनके 6 विमान नष्ट कर दिए हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति के एक सलाहकार मायखाइलो पोडोलीक ने कहा है कि रूसी सेना ने उत्तर, पूर्व और दक्षिण से यूक्रेन पर हमला शुरू किया है। लेकिन हमारी सेना दुश्मन को महत्वपूर्ण नुकसान पहुंचाते हुए मजबूती से लड़ रही है। उन्होंने आगे कहा कि, यूक्रेन के नागरिक भी हताहत हुए हैं. हालांकि पोडोलीक ने इस बारे में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया।
रूस के हमले के बाद यूक्रेन के वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के साथ सारे राजनयिक संबंध तोड़ने की घोषणा की। इसी बीच तुर्की में यूक्रेन के राजदूत ने उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सदस्य देश से अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने और रूसी जहाजों के लिए काला सागर के प्रवेश द्वार पर जलडमरूमध्य को बंद करने का आह्वान किया। यूक्रेन के अधिकारियों द्वारा पश्चिमी देशों से रक्षा सहायता का भी अनुरोध किया है।