ईवीएम मशीन पर दिग्विजय का हमला
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज के दौर में ईवीएम के जरिये चुनाव में वोटिंग होती है. मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों के 9361 पोलिंग बूथ पर मंगलवार को 63 लाख 51 हजार मतदाता वोट डाल रहे हैं। इस उपचुनाव के बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने फिर एक बार इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की विश्वसनीयता को लेकर सवाल खड़े किए हैं। इसके लिए उन्होंने विकसित देशों का हवाला देते हुए एक समाचार पत्र की वेबसाइट को सोशल मीडिया पर उद्धृत (कोट) किया है। उन्होंने सोशल मीडिया ट्वीटर पर अपनी बात शुरू करते हुए कंट्रीज़ यूजिंग बैलट पेपर फॉर वोटिंग लिखा। फिर आगे कहा कि तकनीकी युग में विकसित देश ईवीएम पर भरोसा नहीं करते पर भारत व कुछ छोटे देशों में ईवीएम से चुनाव होते हैं। विकसित देश क्यों नहीं कराते? क्योंकि उन्हें ईवीएम पर भरोसा नहीं है। क्यों? क्योंकि जिसमें चिप है वह हैक हो सकती है। ग़ौरतलब है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कई नेताओं की तरह दिग्विजय सिंह भी लम्बे समय से ईवीएम को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। लेकिन जब भी इन सभी को चुनाव आयोग ने यह बताने या साबित करने के लिए बुलाया कि वे बताएं कि कैसे ईवीएम चिप लगी होने के चलते वह हैक हो सकती है पर अब तक किसी भी दल की तरफ से कोई चुनाव आयोग यह बताने के लिए सामने नहीं आ सका है। बता दें कि इससे पहले भी ईवीएम को लेकर काफी विरोध हो चुका है.