सीएम योगी के पिता का निधन
आज सुबह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में देहांत हो गया। उन्होंने आज सुबह 10:44 बजे अस्पताल में आखिरी सांस ली। उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थि ने इसकी पुष्टि की। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी के पिता को लीवर और किडनी की समस्या थी। दिक्कत बढ़ने पर बीते 13 मार्च को उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के गेस्ट्रो विभाग के डॉ. विनीत आहूजा की टीम उनका इलाज कर रही थी। रविवार देर रात तक उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। कल उनकी डायलिसिस भी कराई गई थी। डॉ. अकरम ने बताया कि आंनद सिंह बिष्ट को मुख्य रूप से पेट की तकलीफ के चलते भर्ती किया गया था। इसके अलावा डिहाइड्रेशन, लो-बीपी और पैरों में गैंगरीन की समस्या थी। अस्पताल में भर्ती करने के बाद उनकी स्वास्थ्य संबंधी जांच कराई गई। रिपोर्ट के आधार उनका उपचार किया जा रहा था। योगी आदित्यनाथ के पिता उत्तराखंड में यमकेश्वर के पंचूर गांव में रहते थे। वे फॉरेस्ट रेंजर के पद से 1991 में रिटायर हो गए थे। उसके बाद से वे अपने गांव में रह रहे थे।