हमारे पड़ोसी देश को धूल चटाने में सेना को हफ्ते-दस दिन से ज्यादा समय नहीं लगता : पीएम मोदी
संवाददाता/in24 न्यूज़
एनसीसी देश के लिए बेहद उपयोगी है. इसके महत्त्व को देखकर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली स्थित करिअप्पा परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की एक रैली में भाग लिया। एनसीसी के ये वो कैडेट्स हैं, जिन्होंने 26 जनवरी को राजपथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लिया था। फिलहाल ये सभी कैडेट्स दिल्ली में रुके हुए थे। कैडेट्स को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जिस देश के युवाओं में अनुशासन हो, दृढ़ इच्छाशक्ति हो, निष्ठा हो, लगन हो, उस देश का तेज गति से विकास कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि आज विश्व में हमारे देश की पहचान, युवा देश के रूप में है और देश के 65 प्रतिशत से ज्यादा लोग 35 वर्ष से कम उम्र के हैं। देश युवा है, इसका हमें गर्व है, लेकिन देश की सोच युवा हो, यह हमारा दायित्व होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का युवा देश बदलना चाहता है, स्थितियां बदलना चाहता है। और इसलिए उसने तय किया है कि अब टाला नहीं जाएगा, अब टकराया जाएगा, निपटा जाएगा। हम जानते हैं कि हमारा पड़ोसी देश हमसे तीन-तीन युद्ध हार चुका है। हमारी सेनाओं को उसे धूल चटाने में हफ्ते-दस दिन से ज्यादा समय नहीं लगता। उन्होंने कहा कि आज देश युवा सोच, युवा मन के साथ आगे बढ़ रहा है और इसलिए वह सर्जिकल स्ट्राइक करता है, एयर स्ट्राइक करता है और आतंक के सरपरस्तों को उनके घर में जाकर सबक सिखाता है। पीएम मोदी ने कहा कि दशकों पुरानी समस्याएं सुलझा रही हमारी सरकार के फैसले पर जो लोग सांप्रदायिकता का रंग चढ़ा रहे हैं, उनका असली चेहरा भी देश देख चुका है और देख रहा है। मैं फिर कहूंगा- देश देख रहा है, समझ रहा है। चुप है, लेकिन सब समझ रहा है। उन्होंने कहा कि यह युवा भारत की सोच है, न्यू इंडिया की सोच है जिसने दिल्ली के 40 लाख लोगों के जीवन से, उनकी सबसे बड़ी चिंता को दूर कर दिया है। हमारी सरकार के फैसले का लाभ हिंदुओं, मुस्लिमों, सिखों, ईसाइयों सभी को होगा।