लॉकडाउन में शख्स ने अपनी जीभ काटी
संवाददाता/in24 न्यूज़।
कोरोना वायरस के कहर के मद्देनज़र सरकार को लॉकडाउन का फैसला लेना पड़ा. लॉकडाउन का पालन अनेक मुश्किलों के बावजूद देश कर रहा है. इस बीच कुछ ऐसी घटनाएं भी हुईं जिसमें कुछ लोग लॉकडाउन से परेशान हो गए और गलत कदम उठा लिया.अनेक लोग अपने घरों से सैकड़ों किलोमीटर दूर फंसे हुए हैं. अनेक श्रमिक वापसी के लिए बेचैन हैं। इसी बीच एक प्रवासी शिल्पकार ने अपनी जीभ काट ली। दरहसल, मध्यप्रदेश का रहने वाले एक प्रवासी शिल्पकार गुजरात के बनासकांठा जिले के एक मंदिर में शनिवार को अपनी जीभ काट ली। वह लॉकडाउन से परेशान था और घर वापस जाना चाहता था। हालांकि पुलिस ने उन खबरों से इंकार किया है कि शिल्पकार ने मंदिर में देवी को 'चढ़ावा' चढ़ाने के लिए अपनी जीभ काटी है। मध्यप्रदेश के मुरैना जिला निवासी विवेक शर्मा (24) पेशे से शिल्पकार है। वह शनिवार को सुई गाम तहसील के नादेश्वरी गांव के नादेश्वरी माता मंदिर में खून से लथपथ बेहोश स्थिति में पाया गया। पुलिस उपनिरीक्षक एचडी परमार ने बताया, जब वह हमें मिला उसने अपनी जीभ हाथ में पकड़ी हुई थी। हम उसे तुरंत सुई गाम अस्पताल ले गए। जिस मंदिर में यह घटना हुई, उसकी देखभाल सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) करता है, जबकि शर्मा वहां से करीब 14 किलोमीटर दूर एक दूसरे मंदिर में काम करता था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, लॉकडाउन के कारण राज्यों की सीमाएं सील होने के बाद शर्मा को घर की बहुत याद सता रही थी और वह व्याकुल हो गया था। बीएसएफ के स्थानीय अधिकारी ने बताया कि शर्मा ने संभवत: सोचा होगा कि देवी को जीभ के रूप में चढ़ावा चढ़ाने से हालात बदल जाएंगे और वह घर जा सकेगा। पुलिस ने कहा कि शर्मा की तबीयत सुधरने और उसका बयान दर्ज करने से पहले वह ऐसी किसी भी चीज की पुष्टि नहीं कर सकती कि वास्तव में क्या हुआ था।