Breaking News

ट्रेडिंग के नाम पर महिला उद्योगपति के साथ लाखों की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

24 Apr, 2025 210

संवाददाता/in24 न्यूज़।  

मुंबई पुलिस की उत्तर विभाग साइबर सेल ने एक महिला उद्योगपति से करीब 53.73 लाख रुपये की ठगी के मामले में 38 वर्षीय दिनेश ऋषिपाल चावला को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि चावला साइबर ठगों के संपर्क में था और उनके लिए कई फर्जी बैंक खाते खोलकर ठगे गए पैसे जमा कराता था। पीड़िता का नाम रानी कहार है जो मलाड की निवासी हैं और एक सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में खुद का व्यवसाय चलाती हैं। वो चार बैंक खातों के जरिए ऑनलाइन लेनदेन करती हैं। उनके आईटी मित्र श्रीनिवास ने उन्हें एक ट्रेडिंग कंपनी के बारे में बताया, जो निवेश पर उच्च रिटर्न का दावा करती थी। शुरुआत में रानी को कंपनी के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया और एक रजिस्ट्रेशन लिंक भेजा गया। उन्होंने लिंक के माध्यम से अपने व्यक्तिगत और बैंकिंग विवरण साझा किए और धीरे-धीरे लगभग 60 लाख रुपये निवेश कर दिए। शुरू में कंपनी ने उन्हें 6.25 लाख रुपये लाभ के रूप में लौटाए, जिससे रानी को उसपर भरोसा हुआ कि निवेश सही जगह पर हो रहा है। लेकिन जब उन्होंने फायदे की राशि निकालनी चाही, तो ट्रांजैक्शन फेल हो गया। कंपनी ने बहाना बनाते हुए कहा कि पैसे निकालने पर उनके क्रेडिट स्कोर पर असर पड़ेगा और फिर 90 लाख रुपये की मांग की गई। संदेह होने पर रानी ने कंपनी की जांच की और पाया कि यह एक फर्जी संस्था है, जिसने देशभर में कई लोगों को ठगा है। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।पुलिस जांच में तकनीकी साक्ष्य के आधार पर दिनेश चावला की पहचान हुई। पूछताछ में उसने फर्जी बैंक खातों के माध्यम से ठगी के पैसे ट्रांसफर करने की बात कबूल की। उसे बोरीवली अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
 

अन्य खबरे