Breaking News

मुंबई एसी लोकल बनी गैस चैंबर, 15 मिनट में मच गया हड़कंप !

13 Jul, 2026 48

संवाददाता/ in24 न्यूज़ 

मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के लिए सोमवार का सफर उस वक्त बेहद परेशान करने वाला बन गया, जब सेंट्रल लाइन की एक एसी लोकल ट्रेन का एयर कंडीशनिंग सिस्टम अचानक बंद हो गया। पीक आवर के दौरान हुई इस घटना से ट्रेन के अंदर गर्मी और घुटन का माहौल बन गया। सबसे ज्यादा परेशानी महिला कोच में देखने को मिली, जहां कई महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई और कुछ महिला यात्री बेहोश तक हो गए। जानकारी के मुताबिक, करीब 15 मिनट तक ट्रेन का एसी बंद रहा। इस दौरान ट्रेन के ऑटोमैटिक दरवाजे भी बंद रहे, जिससे डिब्बों के अंदर गर्मी और घुटन तेजी से बढ़ने लगी। बंद खिड़कियां, भारी भीड़ और हवा की आवाजाही न होने से यात्रियों को सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। ट्रेन जैसे ही मुलुंड स्टेशन पर पहुंची, दरवाजे खोले गए और प्रभावित महिलाओं को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। राहत की बात यह रही कि इलाज के बाद सभी महिलाओं की हालत में सुधार बताया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एसी बंद होने के बाद डिब्बे के अंदर हालात बेहद खराब हो गए थे। यात्रियों ने रेलवे से मांग की है कि एसी लोकल ट्रेनों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल इस तकनीकी खराबी की वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर एसी लोकल ट्रेनों की तकनीक विश्वसनीयता और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्य खबरे