Breaking News

आतंकवाद के ख़िलाफ़ आज देशभर में एनआईए की छापेमारी, सौ गिरफ्तार

22 Sep, 2022 459

संवाददाता/in24 न्यूज़.
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा आज देशभर में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की प्रक्रिया शुरू है. एनआईए और ईडी ने एक बार फिर से छापेमारी कर पीएफआई से संबंध रखने वाले कई लोगों को गिरफ्तार किया है. ED और NIA ने आज तमिलनाडु और केरल समेत देश के दस राज्यों में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान जांच एजेंसियों द्वारा सौ से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है. ये छापेमारी उत्तर प्रदेश, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश समेत देश के दस राज्यों में की गई है. बता दें कि PFI और उससे जुड़े लोगों की ट्रेनिंग गतिविधियों, टेरर फंडिंग और लोगों को संगठन से जोड़ने के खिलाफ ये अबतक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. इन छापेमारी के दौरान एनआईए और ईडी ने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है. जिनमें पीएफआई का अध्यक्ष भी शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक, जांच एजेंसियों ने मलप्पुरम जिले के मंजेरी से पीएफआई के अध्यक्ष परवेज अहमद के घर पर छापेमारी की उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि, इस दौरान PFI कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. इसके अलावा कर्नाटक के मंगलुरु में भी NIA की छापेमारी के खिलाफ PFI और SDPI के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं. हालांकि उन्हें हिरासत में ले लिया गया है. इसके अलावा जांच एजेंसियां पीएफआई के राष्ट्रीय, राज्य और स्थानीय स्तर के नेताओं के घरों पर भी छापेमारी कर रही है. जांच एजेंसियों ने राज्य समिति कार्यालय पर भी छापेमारी की. उधर संगठन ने एक बयान में कहा कि असहमति की आवाज को दबाने के लिए फासीवादी शासन द्वारा एजेंसियों का बेजा इस्तेमाल करने के कदमों का हम कड़ा विरोध करते हैं. इसके अलावा जांच एजेंसियों ने तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) पार्टी कार्यालय पर छापेमारी की. पीएफआई के 50 से ज्यादा सदस्यों ने एनआईए की छापेमारी के खिलाफ पार्टी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. बता दें इस छापेमारी के पीछे का मुख्य कारण आतंकवाद की कमर तोड़ना है.

अन्य खबरे