डेढ़ साल बाद खुलेगा जलियांवाला बाग, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
संवाददाता/in24 न्यूज़।
पंजाब के अमृतसर में स्थित जलियांवाला बाग स्मारक का नवीन परिसर तैयार है जिसका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विडिओ कांफ्रेंस के माध्यम से उद्घाटन करेंगे। बता दें कि कोरोना की वजह से पिछले डेढ़ साल से बंद जलियांवाला बाग को आम जनता के लिए खोला जाएगा। पंजाब सरकार ने 20 करोड़ रुपये खर्च जलियांवाला बाग को संवारा है। जलियांवाला बाग का नवीनीकरण पिछले साल पूरा होना था। कोविड की वजह से यह काम जहां था वहीं रुक गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 6 बजकर 25 मिनट पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन करेंगे और इसी के साथ जलियांवाला बाग के दरवाजे डेढ़ साल बाद नए रंग-रूप के साथ आज से खोल दिए जाएंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति मंत्री, पंजाब के राज्यपाल और मुख्यमंत्री, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, पंजाब के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसद शामिल होंगे। ऐतिहासिक बाग को आम जनता और सैलानियों के लिए खोल दिया जाएगा। पहले बाग सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुलता लेकिन अब यह देर शाम तक खुलेगा। जलियांवाला बाग के अंदर खुले कुएं को रेनोवेट कर दिया गया है। यह वही कुआं है जिसमें अंग्रेजी सेना की गोलियों से बचने के लिए लोगों ने कूदकर जान दे दी थी। कुएं के चारों और एक गलियारा बनाया गया है। इसकी सुरक्षा के लिए कांच भी लगाया गया है। कुएं से कुछ आगे एक दीवार है। इस दीवार पर आज भी गोलियों के निशान मौजूद हैं। जलियांवाला बाग में अब बहुत कुछ नया और सुंदर देखने को मिलेगा। यहां के शहीदी कुएं को पूरी तरह रेनोवेट किया गया है।