Breaking News

भयंकर बारिश से केरल में 18 की मौत

17 Oct, 2021 723

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कुदरत की कहर से केरल बेहाल है। केरल में शनिवार से लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इस बाढ़ की चपेट में आकर अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। कोट्टायम और इडुक्की जिलों के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन में 22 लोग लापता हो गए हैं। भयंकर बारिश के कारण राज्य में बिगड़े हालात को देखते हुए सरकार ने राहत-बचाव कार्य के लिए सेना की मदद मांगी है। केरल में बारिश के चलते कई दुर्घटनाओं में दर्जनों लोगों के घायल होने की भी खबर सामने आ रही है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्‍थानों पर भेजा जा रहा है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बिगड़े हालात को देखते हुए एक आपातकालीन बैठक बुलाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की जान बचाने की हर संभव कोशिश करें। उन्होंने बताया कि सेना, नौसेना और वायु सेना से भी मदद मांगी गई है। बाढ़ से निकाले गए लोगों को राहत शिविर बनाए गए हैं। फिलहाल सभी बांधों के जल स्तर की निगरानी की जा रही है। राज्य के तीन जिले मूसलाधार बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैंऔर ये जिले हैं- कोट्टायम, पथानामथिट्टा और इडुक्की। गौरतलब है कि कुदरत के इस कहर ने जनजीवन को बेहद प्रभावित किया है।

अन्य खबरे