Breaking News

म्यूजिक माफिया के खिलाफ अदनान सामी का फूटा गुस्सा

23 Jun, 2020 947

संवाददाता/in24 न्यूज़.
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बाद से बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में नेपोटिज्म को लेकर बहस छिड़ी हुई है। सोनू निगम द्वारा कई बड़ी म्यूजिक कंपनियों को सवालों के घेरे में खड़ा किया गया। अब सिंगर अदनान सामी ने भी म्यूजिक माफियाज के खिलाफ खुलकर बात की है। अदनान सामी ने अपनी इंस्टा पोस्ट में लिखा है कि भारतीय फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री को वाकई बहुत जोर से झंकझोरने की जरूरत है। खास तौर पर संगीत के संदर्भ में, नए सिंगर्स, पूर्व सिंगर्स, म्यूजिक कंपोजर्स और म्यूजिक प्रोड्यूसर्स जिन्हें उनके चरम तक शोषित किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आज्ञा का पालन करते जाओ नहीं तो आपको बाहर कर दिया जाएगा। रचनात्मकता को उनके द्वारा नियंत्रित क्यों किया जा रहा है जिन्हें क्रिएटिविटी के बारे में कोई आइडिया ही नहीं है और वो भगवान बनने की कोशिश कर रहे हैं! ईश्वर की कृपा से हमारे पास 130 करोड़ भारतीय हैं, क्या हमारे पास देने के लिए सिर्फ रीमिक्स और रीमेक ही हैं? अदनान ने आगे लिखा कि ईश्वर के लिए ये सब बंद करो और उन्हें सांस लेने का मौका दो जो वाकई में टैलेंटेड हैं और पुराने खिलाड़ी हैं। म्यूजिकली और सिनेमैटिकली उन्हें रचनात्मक सुकून दो। फिल्मों और संगीत के माफियाओं तुमने खुद को अपने गुरूर से बांध रखा है, और खुद को स्वघोषित भगवान बना रखा है। क्या तुमने इतिहास से कुछ भी नहीं सीखा कि कला और रचनात्मकता के पर्यावरण को कभी नियंत्रित नहीं करना चाहिए। बहुत हो गया। आगे बढ़ो। बदलाव आ गया है और अब ये आपके दरवाजों को खटखटा रहा है। आप तैयार हों या न हों ये आ रहा है। पीछे हट जाओ।

अन्य खबरे