Breaking News

लालू को ज़मानत के लिए करना होगा इंतज़ार

27 Nov, 2020 692

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
जेल में रहते हुए लालू प्रसाद ने जिस तरह फ़ोन से विधायक को अपनी तरफ करने की कोशिश की उसके बाद उनकी बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया. उस संदर्भ के बावजूद राजद सुप्रीमो लालू यादव को जमानत के लिए अभी और इंतजार करना होगा। दुमका कोषागार मामले में लालू यादव की ओर से जमानत की अर्जी दाखिल की गई थी, उसपर सुनवाई टल गई है। अब झारखंड हाईकोर्ट में 11 दिसंबर को अगली सुनवाई होगी। इससे पहले भी लालू यादव को जमानत के लिए अदालत से निराशा ही हाथ लगी थी। गौरतलब है कि दुमका मामले में लालू यादव को 7 साल की सजा हुई थी। लालू प्रसाद यादव के वकील ने सजा की आधी अवधि पूरी हो जाने को आधार बनाते हुए जमानत अर्जी दाखिल की। साथ ही बीमारी का हवाला दिया गया। इससे पहले लालू को चारा घोटाला से जुड़े चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी के मामले में पहले ही जमानत मिल चुकी है। वहीं, दुमका मामले में सीबीआई ने अपना जवाब दाखिल करते हुए लालू यादव को जमानत नहीं देने का आग्रह हाईकोर्ट से किया है। सीबीआई की ओर से कहा गया है कि दुमका कोषागार मामले में लालू को दो अलग-अलग मामलों में सात-सात साल की सजा सुनायी गई है। सीबीआई कोर्ट ने दोनों मामले में सजा एक साथ चलाने का आदेश नहीं दिया है। इस कारण दोनों सजा अलग-अलग काटनी होगी। वैसे भी लालू यादव को जितनी सजा दी गई है। किसी में भी एक साथ सजा चलाने का आदेश नहीं दिया गया है। इस कारण लालू यादव दुमका कोषागर मामले में एक दिन भी सजा नहीं काटे है। इसलिए उनकी जमानत याचिका खारिज कर देने की बात कही गई है। वहीं दूसरी तरफ, लालू यादव की जमानत पर फैसला आने से पहले उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का कहना है कि जो भी फैसला होगा, वो मंजूर होगा। लालू यादव को चारा घोटाला के 3 मामलों में जमानत मिल चुकी है। लेकिन अब मामला दुमका कोषागार से अवैध रूप से 139 करोड़ रुपये की निकासी का है। अगर लालू यादव को दुमका कोषागार से 139 करोड़ रुपये के अवैध निकासी के मामले में बेल मिल जाती है तो उनके जेल से बाहर निकलने का रास्ता साफ हो जाएगा। गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में लालू यादव सुर्खियों में बने हुए हैं। भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया कि लालू यादव ने जेल से भाजपा विधायक को फोन कर लालच दिया, इस मामले में अब एफआईआर भी दर्ज हुई है। इसी के बाद लालू यादव को रांची में बंगले से वापस अस्पताल भेजा गया था। यानी घर से दूर रहना फिलहाल लालू की मजबूरी है.

अन्य खबरे