ज़मानत पर रिहा हुए लालू
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू यादव को चारा घोटाले के मामले में करीब साढ़े तीन साल सजा काटने के बाद आज आखिरकार जमानत मिल गई। उनकी जमानत मंजूर किए जाने के बाद राबड़ी देवी के आवास पर खुशियों का माहौल है। उनके बेटे तेज प्रताप यादव, तेजस्वी यादव, बेटियां मीसा भारती, राजलक्ष्मी यादव और रोहिणी आचार्य अपने पिता की जमानत मंजूर होने से खुश हैं। राजद समर्थक इस खबर से खूब उत्साहित हैं। लालू यादव फिलहाल दिल्ली एम्स में अपना इलाज करा रहे हैं। देखना होगा कि लालू अभी एम्स में ही रहते हैं या फिर किसी दूसरे अस्पताल में शिफ्ट होना पसंद करते हैं। दुमका कोषागार से जुड़े घोटाले के मामले में सजा काट रहे लालू की जमानत पर आज रांची हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। उनका पूरा परिवार याचिका मंजूर होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहा था। उनकी जमानत याचिका पर शुक्रवार को ही सुनवाई होनी थी, लेकिन कोर्ट बंद होने के कारण मामला एक दिन के लिए टल गया। लालू करीब साढ़े तीन साल से लगातार जेल में हैं। दो महीने पहले उनकी जमानत याचिका खारिज हो गई थी। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने नवरात्र में देवी की आराधना कर अपने पिता के लिए रिहाई के लिए प्रार्थना की तो दूसरी तरफ तेजस्वी यादव ने झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम और बाबा बासुकीनाथ धाम में हाजिरी लगाई। उनकी बहन रोहिणी आचार्य अपने पिता की रिहाई के लिए रोजा रख रही हैं। इसको लेकर बिहार में सियासत भी खूब हुई है। हालांकि लालू प्रसाद यादव की तरफ से कोर्ट बताया गया है कि उनकी आधी सजा पूरी हो गई है और वे इस मामले को लेकर अपील में भी गए हैं। लिहाजा उनकी उम्र और सेहत को देखते हुए जमानत दे दी जाए।वहीं दूसरी तरफ सीबीआई का कहना है कि लालू प्रसाद की आधी सजा अभी पूरी नहीं हुई है। उन्हें 7-7 साल की दो सजाएं हुई हैं और दोनों सजाएं अलग-अलग चलनी हैं। इस लिहाज से उन्हें लगातार 14 साल जेल में रहना है और उनकी आधी सजा सात साल जेल में रहने के बाद ही पूरी होगी। हालांकि सीबीआई ने इस आधार पर लालू की याचिका पर सवाल उठाए हैं और उन्हें जमानत देने का विरोध किया था। बहरहाल, लालू के रिहा होने की खबर से बिहार में जल्द ही नई सियासत देखने को मिल सकती है।