भारत में कैंसर का बढ़ता खतरा चिंता का विषय
सिटी एक्स-रे और स्कैन क्लिनिक की कंसल्टेंट पैथोलॉजिस्ट और निदेशक डॉ. सुनीता कपूर ने कहा कि कैंसर दुनिया भर में मौत के प्रमुख कारणों में से एक है, इसलिए कैंसर जागरूकता समय की आवश्यकता है. कैंसर से बचाव तभी संभव है जब हम इस बीमारी के बारे में पूरी तरह से जागरूक हों और यह जानें कि अगर हम इसके शिकार हो जाएं तो क्या करना चाहिए. कैंसर की रोकथाम, इसकी पहचान और उपचार के बारे में जागरूक रहना हमेशा अच्छा होता है. उन्होंने कहा कि, "बच्चों के साथ सभी उम्र के लोगों में कैंसर पनप सकता है. धूम्रपान, शराब का सेवन, खास टाइप के केमिकल्स से संपर्क, UV किरणों और मोटापे के अतिरिक्त फैमली मेडिकल हिस्ट्री भी विभिन्न प्रकार के कैंसर के खतरे के संकेत हो सकते हैं. भारतीयों को प्रभावित करने वाले सबसे प्रमुख कैंसर के प्रकारों में ब्रेस्ट कैंसर, ओरल, सर्वाइकल, गैस्ट्रिक, कोलोरेक्टल और लंग मैलीग्नेंसीज शामिल हैं. भारत में साल 2020 में कैंसर से 8.5 लाख मौतें हुई थीं." फेफड़ों का कैंसर भारत में पुरुषों में सबसे आम कैंसर है और समग्र रूप से दूसरा सबसे आम है. फेफड़ों के कैंसर के 80% रोगियों में तंबाकू का सेवन करने का इतिहास रहा है, लेकिन अब यह घटना महिलाओं और धूम्रपान न करने वालों में भी बढ़ रही है. सामान्य कारणों में धूम्रपान, वायु प्रदूषण और कुछ केमिकल्स के संपर्क में आना शामिल हैं. फेफड़ों के कैंसर का पूर्वानुमान व्यक्ति के प्रकार, अवस्था और समग्र स्वास्थ्य पर निर्भर करता है.