दिल्ली हिंसा पीड़ितों से मिलने गए राहुल गांधी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
दिल्ली हिंसा पर सियासत लगातार जारी है. इसी कड़ी में अब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी भी कूद पड़े हैं. नागरिकता संशोधन कानून को लेकर अभी हिंसा की आग ठंडी नहीं पड़ी है कि इस बीच राहुल गांधी समेत ये कांग्रेस नेता दिल्ली दंगा इलाके का जायजा लेने पहुंच गए. राहुल गांधी ने अपने नेताओं के साथ नार्थ ईस्ट दिल्ली के बृजपुरी इलाके का दौरा किया. इस दौरान राहुल गांधी नफरत और हिंसा को बेमानी बताते हुए दंगे पर राजनीति खेल गए. उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने बृजपुरी में मार्डन स्कूल का दौरा करते हुए कहा कि स्कूल हिन्दुस्तान का भविष्य है, जिसे हिंसा और नफरत ने जलाया है. नफरत और हिंसा से किसी को फायदा नहीं पहुंचेगा. हिन्दुस्तान को बांटा और जलाया जा रहा है. इससे भारत माता को कोई फायदा नहीं है. दिल्ली में हिंसा से दुनिया में भारत की छवि को चोट पहुंची है. बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी अपनी रैलियों में भारत माता के नारे लगवाते हैं. ऐसे में राहुल गांधी का 'भारत माता को कोई फायदा नहीं है' बोलना ये सीधे-सीधे नरेंद्र मोदी पर निशाना है. वहीं, राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हिन्दुस्तान को बांटा जा रहा है और जलाया जा रहा है. राहुल गांधी ने यह भी अपील करते हुए कहा कि सबको मिलकर प्यार से यहां काम करना पड़ेगा. हिंदुस्तान को जोड़कर आगे बढ़ाया जा सकता है. दुनिया में जो छवि भारत की है, उसको ठेस पहुंची है. भाईचारा और एकता हमारी ताकत थी, उसको जलाया गया है. इस दौरान राहुल गांधी के साथ कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में मुकुल वासनिक, कुमारी शैलजा, अधीर रंजन चौधरी, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सुरजेवाला, के सुरेश, गौरव गोगोई और ब्रह्म मोहिंद्रा शामिल हैं.